मीरानपुर कटरा में खाद लेने के लिए इंतजार करते किसान। संवाद
मीरानपुर कटरा। मोहल्ला बंगशान स्थित साधन सहकारी समिति पर सोमवार को डीएपी नहीं मिलने से नाराज किसानों ने जमकर हंगामा किया।
शनिवार के बाद सोमवार को समिति पर खाद वितरण शुरू हुआ। समिति के सचिव श्रीपाल ने बताया कि शाम पांच बजे तक किसानों को 350 कट्टे डीएपी और 100 कट्टे एनपीके खाद का वितरण किया जा चुका था। वहीं, कपूरनगला गांव के स्वतंत्रता सेनानी रामभरोसे सिंह ने बताया कि वह डीएपी के दो कट्टे लेने के लिए आठ दिन से समिति के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें खाद नहीं मिल रही है। इसी तरह गुड्डी देवी ने बताया कि वह भी आठ दिन से दो कट्टे खाद के लिए समिति पर लाइन में लग रही हैं, लेकिन हर बार खाली हाथ लौटना पड़ता है।
मोहल्ला आतिशबाजान निवासी बुजुर्ग किसान सीताराम और कसरक गांव के भाकियू नेता दिनेश सक्सेना समेत अन्य किसानों ने सचिव पर गंभीर आरोप लगाए। किसानों ने कहा कि खाद वितरण में अनियमितता की शिकायत उच्च अधिकारियों और मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज कराएंगे। सचिव श्रीपाल ने किसानों के आरोपों को निराधार बताया है।