पुवायां। भाकियू टिकैत गुट के यूपी उत्तराखंड तराई क्षेत्र के अध्यक्ष बलजिंदर सिंह मान ने कहा कि पुवायां मंडी परिसर में लगे गेहूं खरीद केंद्रों से किसानों को टरकाया जा रहा है। किसानों को गेहूं बेचने में दिक्कत बनी रही तो आंदोलन किया जाएगा।
बलजिंदर सिंह मान शनिवार को पुवायां मंडी में भाकियू के चल रहे धरनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद उन्होंने मंडी में गेहूं लेकर आए किसानों से गेहूं खरीद के बारे में जानकारी ली। किसान नेता ने कहा कि किसान चार-पांच दिन से मंडी में पड़े हैं, लेकिन तौल नहीं की जा रही है, इसकी जांच होनी चाहिए और खरीद में हीलाहवाली करने वालों पर कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि पुवायां में फसल अगेती होती है, लेकिन क्रय केंद्र देर से शुरू किए गए हैं और अब बारदाना न होने का बहाना कर किसानों को टरकाया जा रहा है। किसान नेता कई क्रय केंद्रों पर भी गए और गेहूं खरीद की जानकारी ली।
जिलाध्यक्ष अनिल सिंह यादव ने कहा कि केंद्र प्रभारी मनमानी कर रहे हैं और दलालों के खरीदे गेहूं को बाद में किसानों के नाम से चढ़ाने की तैयारी है। जिलाध्यक्ष ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर शिकायत की है कि खरीद प्रक्रिया की निगरानी के लिए खाद्य एवं रसद विभाग की ओर से एएमओ की तैनाती की जाती है, लेकिन कई एएमओ वर्षों से पुवायां और बंडा में जमे हैं, इनको बदला नहीं जा रहा है, इससे भी किसानों का उत्पीड़न हो रहा है।
गेहूं क्रय केंद्रों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के दिए निर्देश
तिलहर। एसडीएम सदानंद सरोज ने शनिवार को सुबह अचानक मंडी समिति जाकर वहां विभिन्न एजेंसियों द्वारा स्थापित किए गए सभी 19 गेहूं क्रय केंद्रों का बारी-बारी जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने केंद्र प्रभारियों को सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंडी सचिव शिवेंद्र प्रताप सिंह भी एसडीएम के साथ मौजूद रहे। एसडीएम ने क्रय केंद्रों पर रखे अभिलेखों, बारदाना की उपलब्धता तथा खरीद से संबंधित व्यवस्थाएं और किसानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी जुटाई। किसानों के पंजीकरण के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि गेहूं लेकर आने वाले किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने पाए। उन्होंने कहा कि क्रय केंद्रों पर पूरी पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ गेहूं की खरीद की जाए। इसके लिए उन्होंने केंद्रों पर पर्याप्त बारदाना उपलब्ध रखने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य समय से दिलाना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। संवाद
केंद्रों पर तौल नहीं, किसान परेशान
बंडा। गेहूं की तौल न होने से किसान परेशान है। कुछ किसान कई दिनों से मंडी में गेहूं की रखवाली कर रहे हैं , तो वहीं कुछ किसान औने-पौने दामों पर फसल बेचने के लिए मजबूर हैं।
गेहूं खरीद के लिए सरकार ने बंडा क्षेत्र में 26 क्रय केंद्र निर्धारित किए थे। इनमें विभिन्न समितियों समेत 23 क्रय केंद्र मंडी परिसर में लगाए गए थे। सरकार ने 30 मार्च से गेहूं की खरीद करने के निर्देश दिए, लेकिन करीब 12 दिन बीत जाने के बाद भी अभी एक दो केंद्र छोड़कर किसी भी केंद्र पर गेहूं की तौल नहीं की जा रही है। कुछ केंद्रों पर खाली बैनर लटका दिया। केंद्र प्रभारी भी नहीं पहुंच रहे हैं।
बारदाने की कमी होने की बात कहकर भी लौटाया जा रहा है। डिप्टी एआरएमओ राकेश मोहन पांडे ने बताया कि बारदाने की कोई कमी नहीं है। सभी केंद्रों पर बारदाना मौजूद है। संवाद