खुदागंज। नगर से लेकर गांवों तक छुट्टा गोवंशीय पशु खेतों में घुसकर फसलों का नुकसान पहुंचा रहे हैं। इससे किसान बेहद परेशान हैं, लेकिन अधिकारी लापरवाह बने हुए हैं।
क्षेत्र की 65 ग्राम पंचायतों और दो नगर पंचायतों के लिए 12 गोशालाएं संचालित हो रही हैं। गोशालाओं में छुट्टा पशु रखने के लिए पर्याप्त जगह है, लेकिन पशुओं को वहां नहीं भेजा जा रहा है। किसानों का कहना है कि रात में कड़ाके की सर्दी के साथ कोहरा छाने से खेतों पर फसलों की रखवाली करना कठिन हो गया है, क्योंकि कोहरे में पशु नजर नहीं आते हैं।
पहाड़ीपुर भोपत निवासी अवधेश तिवारी ने बताया कि छुट्टा पशु उनके खेतों में कई बार घुसकर फसल का नुकसान कर चुके हैं। खंड विकास अधिकारी अरविंद दुबे का कहना है कि नवादा दरोबस्त में वृहद गोशाला निर्माणाधीन है। गोशाला का निर्माण कार्य पूरा होते ही छुट्टा पशुओं को वहां भेजा जाएगा।