खुटार में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते किसान नेता वीएम सिंह। संवाद
खुटार (शाहजहांपुर)। राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीएम सिंह ने कहा कि एमएसपी गारंटी कानून नहीं बनने से किसानों को काफी नुकसान हो रहा है। इसकी लड़ाई के लिए 26 अक्तूबर को पीलीभीत जनपद के पूरनपुर में किसान महापंचायत का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने किसानों से महापंचायत में भाग लेने की अपील की।
वीएम सिंह शनिवार को खुटार के मैलानी रोड स्थित एक मैरिज लॉन में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि एमएसपी की लड़ाई के संदेश को हर घर-हर किसान तक पहुंचाया जाए। एमएसपी गारंटी कानून नहीं बनने के कारण ही आज किसान आढ़तियों के पास अपना धान 15 सौ से 16 सौ रुपये तक बेचने के लिए मजबूर है।
इससे किसान को 800 से 900 रुपये प्रति क्विंटल का नुकसान हो रहा है। एक एकड़ में लगभग 25 क्विंटल धान निकलता है तो 800 रुपये के हिसाब से प्रति एकड़ किसान को 20 हजार रुपये का नुकसान हो रहा है। इसी नुकसान से किसानों को बचाने के लिए लड़ाई लड़ी जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार को गन्ने का मूल्य बढ़ाकर 500 रुपये प्रति क्विंटल करना चाहिए।
वीएम सिंह ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि अपने हक की लड़ाई के लिए सभी किसान 26 अक्तूबर को पूरनपुर पहुंचकर महापंचायत में भाग लें। इस दौरान जिला अध्यक्ष सरवन सिंह, तहसील अध्यक्ष उमाशंकर गंगवार, तहसील महासचिव सचिन मिश्रा, रामशंकर मिश्रा, रामखिलावन, राम रतन वर्मा, संदीप सिंह आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।