परौर। लक्ष्मणपुर और चौकिया गांव की साधन सहकारी समितियों पर एक सप्ताह के बाद शुक्रवार को यूरिया का वितरण शुरू किया गया तो दोनों जगह खाद लेने के लिए किसानों का सुबह से जमावड़ा लगने लगा। इस दौरान खाद के असमान वितरण से किसान काफी नाराज दिखे।
चौकिया समिति को 650 बोरी खाद वितरण के लिए मिली। समिति के प्रभारी सचिव पुत्तू लाल मिश्रा लक्ष्मणपुर में खाद वितरण में व्यस्त रहे। इस कारण चौकिया समिति में कर्मचारियाें ने खाद बांटी। आरोप है कि कई किसान खाद की छह-छह बोरी ले गए, जबकि अन्य तमाम किसानों को लंबे इंतजार के बाद सिर्फ एक बोरी खाद मिल सकी।
परौर के अभिषेक कुमार सिंह, नौगवां के विजेंद्र पाल, सुरेश, छविराम, शेर बहादुर आदि ने बताया कि सुबह से शाम तक गोदाम के चक्कर काटने के बाद एक बोरी यूरिया भी नसीब नहीं हो सकी, जबकि कई लोग अपने वाहनों पर पांच से छह बोरी लाद ले गए। प्रभारी सचिव पुत्तू लाल मिश्रा के अनुसार खाद लेने के लिए केवल उन्हीं किसानों को बुलाया गया, जिन्हें टोकन जारी हो चुके हैं, लेकिन गोदाम पर ऐसे किसान भी पहुंच गए, जिन्हें पहले खाद दी जा चुकी थी।
खाद की कालाबाजारी के विरोध में प्रदर्शन
शाहजहांपुर। राष्ट्रवादी पार्टी के पदाधिकारियों ने यूरिया की कालाबाजारी के विरोध में कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार अपूर्वा सिंह को सौंपा।
प्रदेश अध्यक्ष विजय प्रताप सिंह चंदेल ने ज्ञापन में बताया कि पूरे प्रदेश में यूरिया की कालाबाजारी हो रही है। इससे किसान खाद से वंचित रह जाते हैं। यूरिया की कालाबाजारी पर तत्काल रोक लगाई जाए। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि राजकीय बालगृह नवादा इंदेपुर की केयर टेकर ने बच्चों से अमानवीय व्यवहार किया। इसका वीडियो वायरल होने के बाद भी जिला प्रोबेशन अधिकारी की ओर से कार्रवाई नहीं की गई।
ज्ञापन देने वालों में आचार्य सुभाष पांडेय, कल्पना सिंह, आकाशदीप, दिलीप सिंह, सुखवीर यादव आदि शामिल रहे। संवाद