किसान सहकारी चीनी मिल के सीसीओ पर तमाम आरोप लगाते हुए भाकियू ने शनिवार को मिल में जमकर हंगामा काटा। इस दौरान किसानों की मिल के प्रधान प्रबंधक विनोद कुमार अग्रवाल से भी नोकझोंक हुई। जीएम ने तीन दिन में सुधार नहीं होने पर सीसीओ के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
भाकियू के जिलाध्यक्ष महेंद्रपाल सिंह यादव के नेतृत्व में शनिवार को तमाम किसान चीनी मिल पहुंचे। किसानों ने जीएम से मिलकर बताया कि किसानाें को गन्ना पर्ची के लिए भटकना पड़ता है। पर्ची वितरक मिल में ही बैठकर किसानों को फोनकर पर्ची लेने के लिए बुलाते हैं। कैलेंडर भी जारी नहीं किया गया है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सीसीओ भुवनेश दीक्षित किसानों का फोन रिसीव नहीं करते और केंद्र पर घटतोली की शिकायत पर भी ध्यान नहीं देते हैं। इटौली केंद्र प्रभारी ने सीसीओ को कांटा सही कराने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने ध्यान नहीं दिया, जिस कारण घटतोली होती रही।
जीएम ने फोन पर सीसीओ को फटकारते हुए कार्य में सुधार नहीं करने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी। श्री अग्रवाल ने किसानों को बताया कि घटतोली के मामले में इटौली के सेंटर इंचार्ज को हटा दिया गया है। पर्चियों को किसानों के घर तक पहुंचाया जाएगा और अन्य समस्याओं का समाधान कराया जाएगा। वार्ता के दौरान भाकियू नेता संजय मिश्रा, लालाराम गुप्ता सहित तमाम किसान मौजूद रहे।