शाहजहांपुर। मदनापुर थाना क्षेत्र के गांव राजपूतपुर उर्फ चित्ती निवासी मेवाराम (42) की फर्राटा पंखे में करंट आने से मौत हो गई। हादसे में परिवार के कई अन्य लोगों को भी झटके लगे हैं।
खेतीबाड़ी करने वाली मेवाराम गर्मी से बचने के लिए फर्राटा पंखा खरीदकर लाए थे। चलाने के दौरान उसमें करंट आने की शिकायत लेकर दुकानदार के पास गए। दुकानदार ने चार दिन पंखा रखने के बाद सही होने की बात कहकर लौटा दिया। मंगलवार को मेवाराम ने पंखे का प्लग लगाया।
पंखे को छूते ही करंट की चपेट में आ गए। शोर सुनकर परिवार के अन्य सदस्य बचाने दौड़े, लेकिन वे भी झटका खा गए। करंट लगने से मेवाराम की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। उसकी मौत से पत्नी राजेश्वरी, बेटी पूनम, रागिनी, कामिनी आदि का रो-रोकर बुरा हाल है।
हादसे में घायल बुजुर्ग ने दम तोड़ा
शाहजहांपुर। थाना सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला सुभाषनगर निवासी देव नारायण मिश्रा (65 वर्ष) की राजकीय मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत हो गई।
12 सितंबर को देव नारायण मिश्रा रात आठ बजे नाले में गिरे गोवंशीय पशु को निकलवाने जा रहे थे। इस दौरान स्मार्ट रोड पर तेज गति से आ रही बाइक की चपेट में आ गए। हादसे के बाद तीनों युवक बाइक को छोड़कर मौके से भाग गए थे।
परिजन ने उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था, जहां मंगलवार की रात उनकी मौत हो गई। अशफाक नगर चौकी की पुलिस ने बाइक कब्जे में ले ली है। बाइक मोहल्ला हद्दफ चौकी निवासी व्यक्ति के नाम पंजीकृत बताई गई है। सदर बाजार थाना प्रभारी अरविंद सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। संवाद