आत्मदाह का प्रयास करता ग्रामीण
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
टाटा कंपनी के सोलर पॉवर प्लांट के लिए बेची गई जमीन के पूरे रुपये न मिलने और अधिक जमीन पर कब्जे का आरोप लगाकर पिता-बेटे ने डीजल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। आरोप है कि पुलिस और प्लांट के गार्ड ने दोनों लोगों को बुरी तरह पीटा है।
खुटार के बिजौरा बिजौरिया गांव में टाटा कंपनी का पॉवर प्लांट लगा हुआ है। कंपनी ने गांव के रतन सिंह से जमीन खरीदी थी। रतन सिंह का कहना है कि 33 लाख रुपये में खरीदी गई जमीन के पूरे रुपये कंपनी ने नहीं दिए हैं। सोमवार दोपहर को पॉवर प्लांट के पास रतन सिंह और बेटे कुलविंदर सिंह ने नायब तहसीलदार की मौजूदगी में अपने ऊपर डीजल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया।
आरोप है कि नायब तहसीलदार के कहने पर पुलिस ने दोनों को जमकर पीटा। इसके बाद पिता-पुत्र को बंडा सीएचसी में भर्ती कराया गया है। हालत गंभीर होने के कारण पुत्र को हायर सेंटर रेफर किया गया है। डॉक्टर के अनुसार डीजल छिड़कने और डीजल पीने के कारण दोनों की हालत गंभीर हुई है। शरीर पर चोटों के निशान भी हैं।