शाहजहांपुर। हत्या की रिपोर्ट दर्ज न होने से नाराज गढ़ियारंगीन थाना क्षेत्र के मड़ई गांव का एक परिवार शुक्रवार सुबह एसपी कार्यालय गेट पर धरने पर बैठ गया। महिला का आरोप है कि करीब 20 दिन पहले जमीन के विवाद में उनके पति की जहर देकर हत्या कर दी गई, लेकिन पुलिस ने अब तक कार्रवाई नहीं की। सीओ सदर ने जांच और कार्रवाई का आश्वासन देकर परिवार को शांत कराया।
नन्हीं देवी ने बताया कि 23 अगस्त को उनके पति राम सिंह जैतीपुर थाना क्षेत्र के बंथरी गांव स्थित अपनी ननिहाल गए थे। वह अपने मामा महिपाल के घर रुक गए।
उनका आरोप है कि 25 अगस्त की रात करीब साढ़े आठ बजे मामा के पड़ोसी ने राम सिंह को बुलाया और जहर देकर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को करीब छह-सात किलोमीटर दूर मदनापुर थाना क्षेत्र के रतनपुर गांव में चक मार्ग पर फेंक दिया गया। राम सिंह के पास रखे दस हजार रुपये नहीं मिले।
नन्हीं देवी का आरोप है कि मदनापुर थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की और उन्हें थाने से भगा दिया। उन्होंने न्याय न मिलने पर इच्छा मृत्यु की अनुमति देने अथवा थाने के सामने आत्मदाह करने की चेतावनी दी।
सीओ सदर शुभम वर्मा परिवार को अपने कार्यालय ले गए और घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने रिपोर्ट दर्ज कराने का भरोसा दिलाया। सीओ सदर ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
खुटार के युवक की दिल्ली में संदिग्ध हालात में मौत
खुटार। गांव महुआ पिमई निवासी कल्लू सिंह (35) की दिल्ली से घर लाए जाते समय मौत हो गई। वह गंभीर घायल हालत में पड़े मिले थे। पत्नी धनदेवी ने तहरीर देकर पति की मौत की जांच कराने की मांग की है।
धनदेवी ने पुलिस को बताया कि वह अपने पति के साथ लगभग ढाई माह पूर्व गांव के दो अन्य लोगों के साथ मजदूरी करने दिल्ली गईं थीं। वह पति के साथ दिल्ली के बावन क्षेत्र में किराये के कमरे में रहकर काम करतीं थीं। आठ सितंबर की सुबह वह अपने पति को खाना खिलाने के बाद कंपनी में काम करने चली गई थी।
शाम को घर लौटी तो पति कमरे में मौजूद नहीं थे। भाई महावीर सिंह के साथ तलाश करने पर कल्लू सिंह गंभीर घायल हालत में नौ सितंबर को एक अस्पताल में भर्ती मिले थे। धन देवी परिजनों के साथ पति को खुटार ला रहीं थी, लेकिन कल्लू सिंह ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। सीओ प्रवीण मलिक ने बताया कि महिला की सूचना पर शव काे पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट मिलने पर आगे की कार्रवाई पर विचार किया जाएगा। संवाद
एसपी कार्यालय के गेट पास धरने पर बैठा मृतक राम सिंह का परिवार। संवाद