मयंक उर्फ उदित चंदेल का फाइल फोटो
जलालाबाद। नोएडा के सेक्टर 113 के सर्फाबाद में 13 दिसंबर को संदिग्ध हालात में मृत मिले 24 वर्षीय इंजीनियर मयंक उर्फ उदित चंदेल घटना से एक दिन पहले भी अपनी मां और बहनों से फोन पर बात हुई थी। परिजनों के मुताबिक, कोई परेशानी बताने के बजाय सामान्य लहजे में बात की। उसकी मौत के पीछे घरवाले कोई साजिश मान रहे हैं।
एक युवती के साथ नोएडा में रिलेशनशिप में रह रहे मोहल्ला आजादनगर निवासी अधिवक्ता गिरीश चंदेल के बेटे की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई थी। साथ रहने वाली युवती का कहना था कि उदित ने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी, लेकिन उसके कथन से मृतक के घरवाले सहमत नहीं हैं।
उनका कहना है कि उदित से हुई बातचीत में कतई ऐसा नही लगा कि वह किसी तरह की परेशानी या दबाव में है। इसीलिए घरवाले उदित द्वारा फांसी लगा लेने की बात को पूरी तरह नकार रहे हैं। उनका आरोप है कि बेटे के साथ हुई घटना को किसी साजिश के तहत अंजाम दिया गया है। मृतक के पिता गिरीश चंदेल ने बताया कि उनकी सूचना पर पुलिस ने बेटे के शव का पोस्टमॉर्टम करवाने के साथ ही उसके कमरे में मौजूद युवती को भी हिरासत में लिया था।
बताया कि अभी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट नहीं मिली है। इस कारण नोएडा पुलिस को तहरीर नहीं दी गई। इस बारे में वह और जानकारी कर रहे हैं।