शाहजहांपुर के सिंधौली में छह वर्षीय आरव की झोलाछाप के इलाज से मौत हो गई थी। परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए बुधवार को हाईवे जाम किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर अस्पताल सील कर दिया है।
शाहजहांपुर के सिंधौली थाना क्षेत्र के मियापुर पैगापुर में इलाज के दौरान छह वर्षीय आरव की मौत हो गई। परिजनों ने झोलाछाप पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए बुधवार को पलिया-लखनऊ हाईवे जाम कर दिया। दो घंटे से अधिक समय तक जाम लगाया। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों के आश्वासन के बाद जाम खुल सका। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर अस्पताल को सील कर दिया है।
विज्ञापन
पीलीभीत के करेली थाना क्षेत्र के पसियापुर गांव निवासी राजीव कुमार के अनुसार, उन्होंने 14 सितंबर को बेटे आरब को मियापुर पैगापुर स्थित अस्पताल में सुबह करीब 7:30 बजे भर्ती कराया था। आरोप है कि झोलाछाप ने बच्चे को इंजेक्शन लगाने के साथ ड्रिप लगाई। इसके बाद उसके मुंह से झाग आने लगा और हालत बिगड़ गई। करीब 9:30 बजे बच्चे की मौत हो गई।
दो घंटे लगा रहा जाम
बुधवार को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों ने शव को फ्रीजर में रखकर सड़क पर जाम लगा दिया। इस दौरान पुलिस के खिलाफ भी नारेबाजी की गई। राजीव ने पुलिस पर मारपीट और उत्पीड़न का आरोप लगाया। मौके पर कई थानों की पुलिस तैनात रही। दो घंटे जाम लगा रहा। सूचना पर सीओ प्रवीण मलिक मौके पर पहुंचे और समझाकर जाम खुलवाया। अफसरों ने अस्पताल को सील कर दिया। सीओ प्रवीण मलिक ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।