सेहरामऊ दक्षिणी (शाहजहांपुर)। शहर कोतवाली क्षेत्र में
नकली नोट बनाने के अड्डा चल रहा था। फिर भी पुलिस को भनक तक नहीं लगी। एसओजी और सेहरामऊ दक्षिणी पुलिस ने नकली नोट बनाने के गिरोह का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 49 हजार के नकली नोट, छपे-अधछपे नकली नोट और लैपटॉप, प्रिंटर आदि सामान बरामद किया है।
शुक्रवार की रात साढ़े दस बजे मुखबिर की सूचना पर एसओजी प्रभारी रोहित सिंह और सेहरामऊ दक्षिणी थाने के प्रभारी राजेंद्र बहादुर सिंह ने जलालपुर गांव के पास से दो लोगों को पकड़ा। पुलिस ने चौक कोतवाली के मोहल्ला अजीजगंज निवासी सचिन, तिलहर के मित्रपुर बरुआ निवासी अखिलेश को 100-100 के 42 हजार रुपये के नकली नोटों के साथ गिरफ्तार किया।
पुलिस ने उन्हें थाने पर लाकर पूछताछ की तो नकली नोटों के रैकेट की परतें उधड़ने लगीं। उनकी निशानदेही पर थाना सदर बाजार के मोहल्ला तिलहर जई निवासी विवेक मौर्य को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी विवेक गुप्ता का कमरा किराये पर लेकर नकली नोट छापने का काम कर रहे थे। कमरे से लैपटॉप, प्रिंटर, स्याही, केमिकल और नोट छापने के कागज आदि बरामद हुए हैं।
छोटे व्यापारियों से खरीदते थे सामान
एसपी एस. आनंद ने बताया कि कोतवाली क्षेत्र में किराये के मकान में दूसरी मंजिल पर कमरे में नकली नोट तैयार हो रहे थे। आरोपियों ने भिंड जिले के थाना उमरी के गांव सुल्तानपुर निवासी अभिषेक सिंह से नकली नोट छापना सीखा था। उसी ने सारा सिस्टम सेट कराया था। नकली नोटों को छोटे दुकानदारों के यहां सामान खरीदने में खपाते थे। सामान के साथ असली नोट भी मिल जाते थे। आरोपियों के मुताबिक उन्होंने एक हफ्ते पहले ही काम शुरू किया था।
नकली नोट के शक में दुकानदार ने दो युवकों को पकड़ा
सेहरामऊ दक्षिणी। सेहरामऊ दक्षिणी के गांव जलालपुर में बृहस्पतिवार की शाम बाइक से आए दो युवकों ने सौ का नोट देकर 20 रुपये का मसाला खरीदा। दुकानदार को नोट के असली होने पर संदेह हुआ तो उसने जानकारी करनी चाही। इस पर युवक हड़बड़ा गए। बाद में दुकानदार ने ग्रामीणों की मदद से दोनों युवकों को वहीं बैठा लिया। इसके बाद तलाशी में उनके पास सौ-सौ के और नकली नोट मिले। तब पुलिस को बुलाकर उनके सुपुर्द कर दिया। संवाद