शाहजहांपुर। डीएम ने विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण संबंधी कार्यों की समीक्षा बैठक कलक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में हुई। शहर विधानसभा क्षेत्र में एआईआर की प्रगति धीमी होने पर डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने एआर को-ऑपरेटिव अखिलेश प्रताप सिंह और सुपरवाइजर सार्थक से स्पष्टीकरण तलब किया है।
डीएम ने गणना प्रपत्र के वितरण, कलेक्शन एवं डिजिटाइजेशन की स्थिति की जानकारी लेते हुए सख्त निर्देश दिए कि प्रत्येक बीएलओ प्रतिदिन वितरण किए गए गणना प्रपत्रों को प्राप्त कर डिजिटाइजेशन करना तय करें। उन्होंने सुपरवाइजरों को निर्देश दिए कि 10 प्रतिशत की दर से प्रतिदिन कलेक्शन एवं डिजिटाइजेशन की गति बढ़ाई जाए। सुपरवाइजर बीएलओ के साथ मीटिंग करें। उन्होंने कहा कि वितरित किए गए गणना प्रपत्र को दो दिनों में शतप्रतिशत प्राप्त करना करें। 30 नवंबर तक सभी फर्मों को प्राप्त कर उनका डिजिटाइजेशन किया जाए। उन्होंने कहा कि एसआईआर का ई-रिक्शा के माध्यम से प्रचार-प्रसार कराया जाए। इस दौरान नगर आयुक्त डॉ. बिपिन कुमार मिश्र, एडीएम प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, सीडीओ डॉ.अपराजिता सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट प्रवेंद्र कुमार आदि अधिकारी मौजूद रहे। संवाद