तिलहर। बारिश और उमस से भरे मौसम में लोग बुखार और त्वचा संबंधी रोगों की चपेट में आ रहे हैं। बुधवार को सीएचसी के फिजीशियन कक्ष में आने वाला हर दूसरा मरीज इन्हीं बीमारियों से पीड़ित था। चिकित्सकों ने उन्हें दवा देने के साथ उचित सलाह भी दी।
बुधवार को सीएचसी में 950 मरीजों के पर्चे बने। इससे पहले भी पिछले दो दिनों में 850 और 900 मरीजों ने वहां जाकर अपना इलाज कराया है। फिजीशियन डॉ. आलोक जायसवाल ने बताया कि उन्होंने लगभग 350 मरीज बुधवार को देखे। इसमें आधे से मरीज बुखार और खुजली से पीड़ित थे। रोजाना सौ से ज्यादा मरीज बुखार के आ रहे हैं। कई लोगों ने जाड़ा लगने के साथ बुखार आने की शिकायत की। उन्हें मलेरिया प्रभावित मानकर दवाएं दी जा रही हैं। बताया कि बारिश से वातावरण में नमी बढ़ जाने के कारण संक्रामक रोग फैल रहे हैं।
मच्छरों से बचाव के लिए लोग मच्छरदानी का प्रयोग करें और घरों के आसपास गंदा पानी जमा न होने दें। उन्होंने बासी खाना नहीं खाने और घर की स्वच्छता पर ध्यान देने की सलाह दी है।