पुवायां (शाहजहांपुर)। घायलों के पक्ष में मनमानी रिपोर्ट बनाने का दबाव बना रहे किन्नरों ने बुधवार को सीएचसी पर डॉक्टर और स्वास्थ्य टीम की पिटाई कर दी। पुलिस ने दो किन्नरों और उनके वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
बुधवार दोपहर चार लोगों को 108 एंबुलेंस से चार घायलों को सीएचसी लाया गया था। इलाज के दौरान दोनों पक्षों के लोग भी मौके पर आ गए और झगड़ा करने लगे। पुवायां के निगोही रोड निवासी गुड्डू किन्नर एक अन्य किन्नर और वाहन चालक के साथ सीएचसी पहुंचा और विरोधी पक्ष से विवाद करने लगा।
आपात कक्ष में तैनात डॉ. रामकुमार वर्मा ने पुलिस को बताया कि किन्नरों और उनके वाहन चालक को बताया गया कि सभी को मामूली चोटेंं आई हैं, तो किन्नर और उनका वाहन चालक ज्यादा चोटें होने की बात मेडिकल रिपोर्ट में लिखने को कहने लगे। मना करने पर हंगामा करते हुए उनकेे और मेडिकल टीम के साथ मारपीट की। इससे रोगियों के इलाज में बाधा पड़ी।
डॉ. रामकुमार वर्मा ने मामले की जानकारी सीओ पंकज पंत और सीएमओ डॉ. आरके गौतम को दी। पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान भी हंगामा जारी रहा। बाद में पुलिस ने बल प्रयोग कर किन्नरों और उनके साथियों को मौके से खदेड़ा। पुलिस ने कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार राय ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।