शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश स्काउट और गाइड की ओर से मंडलीय रैली का सोमवार को स्वामी धर्मानंद सरस्वती इंटर कॉलेज में आगाज हो गया। पहले दिन स्काउट-गाइड ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर मन मोहा। इसके साथ ही प्रतियोगिताओं का भी आयोजन हुआ।
मुख्य अतिथि डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह और जिला मुख्यायुक्त-डीआईओएस हरिवंश कुमार ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान डाॅ. सुदामा प्रसाद विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। नेशनल गर्ल्स इंटर कॉलेज, क्रिश्चियन गर्ल्स हाईस्कूल तथा श्यामलाल अंगने लाल इंटर कॉलेज की छात्राओं ने भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी। रैली में बरेली, बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर की स्काउट-गाइड की टीमें प्रतिभाग कर रही हैं।
डीएम ने कहा कि देश में स्काउट-गाइड के जनक पं. श्रीराम वाजपेयी जनपद से ही थे। जिस समय उन्होंने बाल सेवक दल की स्थापना की थी, उस समय परिस्थितियां अलग थीं। वह पं. रामप्रसाद बिस्मिल व अशफाक उल्ला खां के भी गुरु थे। उन्होंने मंडलीय रैली में प्रतिभाग करने वाले स्काउट-गाइड को प्रेरित किया।
डीआईओएस हरिवंश कुमार ने सभी का स्वागत किया। बताया कि तीन दिनों तक चलने वाली रैली में कुल दस प्रतियोगिताएं होंगी। इनमें प्राथमिक चिकित्सा, साहस प्रदर्शन, कलर पार्टी, मार्च पास्ट आदि शामिल हैं। उन्होंने निर्णायकों से बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को उत्साहित करने की अपील की। बोले कि स्काउट-गाइड द्वारा संस्कार और सद्भाव को सिखाया जाता है।
इस मौके पर प्रमुख रूप से सहायक प्रादेशिक संगठन कमिश्नर नेहा कटियार, सह संयोजक डॉ. अजीत कुमार, संयुक्त शिक्षा निदेशक राकेश कुमार, बीएसए दिव्या गुप्ता, संतोष कुमार पांडे, डॉ. अमीर सिंह आदि मौजूद रहे।