शहरी में तीन दिन में 1302 नए बिजली कनेक्शन जारी
स्वीकृत क्षमता से अधिक बिजली खर्च रोकने के लिए पॉवर कारपोरेशन के सभी उपकेंद्रों पर लगाए गए तीन दिवसीय उपभोक्ता सेवा शिविरों में शहर के 2115 उपभोक्ताओं ने नियत शुल्क देकर विद्युत भार बढ़वाया। जबकि शहर में 65 हजार से अधिक उपभोक्ता हैं। शिविर के दौरान 1302 नए बिजली कनेक्शन जारी किए गए। बकाया बिल जमा न करने पर कई कनेक्शन काट दिए गए।
एक से पांच किलोवाट क्षमता वाले घरेलू कनेक्शनों पर तय सीमा से अधिक बिजली खर्च करने की शिकायतें मिल रही थीं। इस पर एक्सईएन विवेक पटेल ने मई की शुरुआत में दो दिन तक शहरी क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान शहर के विभिन्न इलाकों में दो दिन तक करीब दो हजार से अधिक कनेक्शन चेक किए गए। जांच से पता चला कि चेकिंग के दायरे में लिए गए करीब एक तिहाई कनेक्शनों पर अतिरिक्त बिजली भार पड़ रहा है।
चेकिंग के आधार पर अफसरों का मानना है कि शहरी क्षेत्र के 65 हजार उपभोक्ताओं में करीब 20 हजार उपभोक्ता अपने कनेक्शनों का लोड नहीं बढ़वा रहे हैं। इन उपभोक्ताओं के स्वेच्छा से लोड बढ़वाने का एक मौका देने के लिए अधीक्षण अभियंता ने आरके अग्रवाल ने बुधवार से शुक्रवार तक शहर के सभी बिजली उपकेंद्रों पर सेवा शिविर लगवाए। इन शिविरों में पहले दिन से लोगों की खासी भीड़ रही थी, लेकिन अपेक्षित परिणाम नहीं मिला।
एसई के अनुसार एक से दो किलोवाट के कनेक्शनों पर अतिरिक्त भार की शिकायतें ज्यादा पाई गईं। पहले दिन की तुलना में बाद के दो दिनों में केवल 885 लोगों ने अपना लोड बढ़वाया। अधिकारियों के अनुसार एक्सेस लोड के अन्य मामले नियमित कराने को दोबारा चेकिंग कराई जाएगी।