सकड़ों से अतिक्रमण हटवाती यातायात पुलिस एवं नगर निगम प्रवर्तन दल की टीम। स्रोत: जागरुक पाठक
शाहजहांपुर। यातायात पुलिस व नगर निगम प्रवर्तन दल के संयुक्त अभियान के तहत जिला कारागार से अंटा चौराहा होते हुए बेरी चौकी और बेरी चौकी से मालखाना मोड़ तक अतिक्रमण को हटाया गया। इस बीच सौ से ज्यादा वाहनों के चालान किए गए।
शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने व आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों एवं एंबुलेंस को जाम की समस्या से राहत दिलाने के उद्देश्य से अभियान चलाया गया। इसमें स्थानीय अस्पतालों, प्रतिष्ठानों एवं दुकानों के सामने मुख्य मार्गों पर किए गए अतिक्रमण को हटवाया गया। साथ ही सड़क पर बेतरतीब व नियम विरुद्ध खड़े वाहनों के विरुद्ध प्रभावी चालान की कार्रवाई की गई।
नो-पार्किंग क्षेत्र एवं सड़क पर अवैध रूप से खड़े 100 से अधिक वाहनों के चालान किए गए। एंबुलेंस एवं अन्य आपातकालीन वाहनों के आवागमन के लिए मार्ग सुगम एवं बाधारहित बनाया गया। यातायात निरीक्षक बच्चू सिंह, टीएसआई विनय पांडेय आदि मौजूद रहे। संवाद