शाहजहांपुर। डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बृहस्पतिवार को चौक स्थित दुर्गा देवी मंदिर कॉरिडोर निर्माण के लिए स्थलीय निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने मंदिर तथा पहुंच मार्ग पर अतिक्रमण देख नाराजगी व्यक्त करते हुए अतिक्रमण चिह्नित कर निशान लगाने के आदेश दिए।
उन्होंने कहा कि अतिक्रमण को हटाना आरंभ कर दिया जाए। नगर सृजन योजनांतर्गत मंदिर के पास सड़क का चौड़ीकरण और सुंदरीकरण कार्य किया जाना है। डीएम ने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि अतिक्रमण हटते ही निर्माण कार्य प्रारंभ कराना सुनिश्चित करें।
डीएम ने कंपोजिट विद्यालय मंडी नगर क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने नगर आयुक्त को निर्देश दिए कि जांच के बाद यदि कक्ष मरम्मत लायक हों तो उनकी मरम्मत कराएं। अन्यथा तोड़कर नगरोदय योजना के अंतर्गत फिर से निर्माण कराने का प्रस्ताव तैयार कराएं।
डीएम ने लोहार चौराहे का निरीक्षण किया। उन्होंने चिह्नित किए गए अतिक्रमण को हटाने और अतिक्रमण करने वालों पर जुर्माना लगाने के लिए निर्देशित किया। अतिक्रमण हटाकर अंडरग्राउंड विद्युत लाइन कराने और सड़क चौड़ीकरण का कार्य चालू करने के लिए अधिकारियों से कहा। इस दौरान नगर आयुक्त डॉ. बिपिन कुमार मिश्र, नगर मजिस्ट्रेट प्रवेंद्र कुमार, अपर नगर आयुक्त एसके सिंह आदि मौजूद रहे।