खुटार में बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी से गोली से पुलिस की गाड़ी के शीशे में हुआ सुराख। संवाद
खुटार (शाहजहांपुर)। क्षेत्र के एक गांव में एक वर्ष की बच्ची के साथ युवक ने दुष्कर्म किया। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर पहुंची मां के पीटने पर युवक भाग निकला। देर रात 11 बजे पुलिस ने आरोपी को घेरा तो उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी है। उसे पुलिस अभिरक्षा में इलाज के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।
बच्ची के पिता मंगलवार को किसी काम से घर से बाहर थे। घर पर पत्नी और एक वर्ष की बेटी थी। मंगलवार दोपहर एक बजे उनकी पत्नी घर में ही कपड़े धो रही थी, इस बीच गुड्डू आया और बच्ची को उठाकर कमरे में ले गया। बच्ची के राेने की आवाज सुनकर बच्ची की मां कमरे में गई तो देखा कि गुड्डू बच्ची से दुष्कर्म कर रहा था। इस पर मां ने उसे डंडे से पीटना शुरू कर दिया। मौका पाकर वह भाग निकला।
बच्ची की मां ने दूसरे शहर में रहने वाली बच्ची की बुआ को घटना की जानकारी दी। बुआ ने यूपी-112 पर सूचना दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी लेकर आरोपी को तलाश करने का प्रयास किया, लेकिन वह घर में नहीं मिला। सीओ प्रवीण मलिक ने भी मौके पर पहुंचकर जानकारी ली और बच्ची की मां के बयान दर्ज कराए।
बच्ची के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट, घर में घुसकर चोट पहुंचाने, बच्ची से दुष्कर्म आदि धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली। बच्ची को मेडिकल के लिए भेजा गया। सीओ प्रवीण मलिक ने बताया कि देर रात पुलिस को सूचना मिली कि गुड्डू खुटार-मैलानी रोड पर गांव प्रसादपुर के पास कहीं जाने के लिए खड़ा है।
पुलिस ने घेराबंदी की तो गुड्डू ने पुलिस पर तमंचे से फायर कर दिया। गाेली पुलिस वाहन पर सामने के शीशे में जा लगी। पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। जवाबी कार्रवाई में दोनों पैरों में गोली लगने से गुड्डू घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस उसे सीएचसी लाई। सीएचसी से आरोपी को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
खुटार में बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी से गोली से पुलिस की गाड़ी के शीशे में हुआ सुराख। संवाद