मीरानपुर कटरा के मोहल्ला बंगशान की रामनगर काॅलोनी में आग लगने के बाद मौके पर जमा भीड़। संवाद
मीरानपुर कटरा। सब्जी मंडी मार्ग पर मोहल्ला बंगशान की रामनगर कॉलोनी निवासी गौरव सिंह की इलेक्ट्रानिक्स सामान की दुकान में बृहस्पतिवार की रात करीब नौ बजे बिजली के शार्ट सर्किट से आग लग गई। सूचना पर पहुंची दमकल यूनिट ने काफी मशक्कत कर आग पर काबू पाया, लेकिन तब दुकान में रखे 25 हजार रुपये नकद समेत लाखों का सामान जल गया।
मौके पर पहुंची पुलिस को गौरव सिंह ने बताया कि उनकी दुकान पर इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, मोबाइल फोन पार्ट्स की बिक्री के साथ पुराने मोबाइल फोन की मरम्मत भी होती है। वह रोजाना की तरह बृहस्पतिवार को दुकान बंद करके घर चले गए। रात करीब 9.30 बजे आग लगने पर सूचना पाकर दुकान पर पहुंचे।
दुकान में रखे 25 हजार रुपये, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, मोबाइल के पार्ट्स, पुराने मोबाइल फोन, फर्नीचर आदि लगभग 11 लाख रुपये का सामान जल जाने का अनुमान है। सीओ विदुष सक्सेना के अनुसार दमकल यूनिट को मौके पर भेजकर आग को काबू किया। इस कारण आसपास की अन्य दुकानें आग से सुरक्षित रहीं। संवाद