शाहजहांपुर। बारिश के बाद जिलेभर में बिजली व्यवस्था ध्वस्त हो गई। तार टूटने और पैनल में खराबी आने से कई जगह दोपहर और कुछ इलाकों में शाम तक आपूर्ति सामान्य हो सकी। सबसे अधिक अब्दुल्लागंज उपकेंद्र के करीब 12 हजार उपभोक्ताओं को बिजली के लिए तरसना पड़ा। रोजा से आने वाली 33 केवी लाइन में ब्रेकडाउन हो गया। कई घंटे बाद इंटरकनेक्ट सिस्टम से ककरा उपकेंद्र से लाइन जोड़कर दोपहर 2:45 बजे आपूर्ति बहाल की गई। इसके चलते अजीजगंज, अब्दुल्लागंज, चार खंभा, किला, कच्चा कटरा, चौक, मतानी समेत दर्जनों मोहल्लों के उपभोक्ता परेशान होते रहे। ककरा उपकेंद्र में मोहल्ला हद्दफ के पास खंभा टूट गया। मोहल्लेवासी खंभे को नया लगवाने की मांग करने लगे। जेई सत्यपाल सिंह ने मौके पर पहुंचकर उन्हें समझाया। कई जगह पर टूटे तार को बदलवाया गया। शहर में दोपहर डेढ़ बजे तक सप्लाई सामान्य हो सकी।
दो घंटे बंद रहा बहादुरपुरा फीडर
-बहादुरगंज उपकेंद्र पर रविवार को करीब साढ़े सात बजे तार टूटकर गिर गया। बारिश की वजह से काम शुरू नहीं हो सका। इस बीच करीब दो घंटे तक बहादुरपुरा फीडर बंद रहा।
डेढ़ घंटे बंद रहा रोजा उपकेंद्र
-दोपहर करीब 12 बजे रोजा उपकेंद्र में पैनल के पीछे खराबी आ गई। इसके चलते उपकेंद्र को बंद करना पड़ा। जेई के नेतृत्व में टीम ने लाइन को दुरुस्त कराया। करीब डेढ़ बजे आपूर्ति बहाल हो सकी।
पांच दिन से बदला नहीं गया ट्रांसफार्मर
जैतीपुर। क्षेत्र के सूरजपुर में पांच दिन पहले ट्रांसफाॅर्मर फुंक गया था। उसे अभी तक सही नहीं कराया गया। गांव के सत्य प्रकाश मिश्रा, कुलदीप मिश्रा, मुकेश कश्यप ने बताया कि ट्रांसफार्मर से करीब 20 घरों की बिजली गुल है। वहीं, नौगवां गोविंदपुर के मुन्नालाल, अनमोल, श्यामू, मानसिंह, सुरेंद्र यादव ने बताया कि उनके गांव का ट्रांसफार्मर 15 दिन के बाद भी नहीं बदला गया। इससे आधे गांव की बिजली आपूर्ति बाधित है। संवाद
-
कई इलाकों में आए फाल्ट
शाहजहांपुर। बारिश के चलते सेहरामऊ दक्षिणी का बादशाहनगर फीडर से निकली लाइन में फाल्ट आने से सात गांवों की बिजली गायब हो गई। कांट के अभायन फीडर पर हाईटेंशन लाइन में फाल्ट आने से बिजली के लिए लोग तरसते रहे। इसी तरह जलालाबाद के पिलुआ फीडर पर इंसुलेटर में खराबी से लोग परेशान हो गए। लोकल फाल्ट के चलते ग्रामीण इलाके के लोग परेशान होते रहे। शाम तक बिजली की आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी। संवाद