शाहजहांपुर। टाउनहॉल में तारा मंडल के निर्माण कार्य के लिए केबल का कनेक्शन दिया गया। इसके चलते बुधवार को करीब दो घंटे तक टाउनहॉल फीडर की बिजली आपूर्ति बाधित रही। बिजली जाने से लोगों को काफी दुश्वारियों का सामना करना पड़ा।
बुधवार की शाम करीब पांच बजे तारा मंडल के निर्माण कार्य के लिए नई केबल डालने का कार्य किया गया। इस अवधि में फीडर को बंद कर दिया गया। टाउनहॉल फीडर ठप होने से उपभोक्ता परेशान हो उठे। शाम को बिजली जाने से पानी का संकट भी खड़ा हो गया। बिजली नहीं आने से लोग परेशान रहे। दो घंटे के बाद बिजली की आपूर्ति बहाल हो सकी।
पांच घंटे बंद रहा बंगस फीडर
अब्दुल्लागंज उपकेंद्र की बिजली आपूर्ति बुधवार को करीब पांच घंटे तक बंद रही। इस अवधि में जर्जर बिजली की लाइन को बदलने का कार्य किया गया। बिजली जाने से लोग परेशान रहे। इस अवधि में क्षेत्र के लघु उद्योग पूरी तरह से बंद रहे। पूर्वाह्न 11 से तीन बजे तक बिजली बंद रहने से लोगों को दुश्वारियों से जूझना पड़ा।
अल्हागंज में आज पांच घंटे बंद रहेगी बिजली आपूर्ति
अल्हागंज। विद्युत उपकेंद्र के कंट्रोल रूम और यार्ड में तकनीकी कार्य कराए जाने के कारण बृहस्पतिवार को दोपहर 12 बजे से शाम पांच बजे तक नगर समेत ग्रामीण क्षेत्र के सभी फीडरों से बिजली आपूर्ति बंद रहेगी।
उपखंड अधिकारी यश भारद्वाज ने बताया कि काम जल्दी खत्म होने की दशा में तत्काल बिजली आपूर्ति शुरू करा दी जाएगी। संवाद