शाहजहांपुर। बहादुरगंज उपकेंद्र पर रविवार को पावर ट्रांसफॉर्मर पर मरम्मत का कार्य होने के चलते करीब तीन घंटे तक बिजली की आपूर्ति बंद रही। इसके चलते करीब आठ हजार उपभोक्ता परेशान रहे। इसी तरह अब्दुल्लागंज उपकेंद्र की लाइन पर आपूर्ति बंद होने से लोग परेशान रहे। रविवार के दिन बिजली नहीं आने से लोगाें ने नाराजगी जताई।
पूर्वाह्न 11 बजे उपकेंद्र की आपूर्ति को बंद कर ट्रांसफॉर्मर की टेस्टिंग का कार्य शुरू कराया गया। इसकी वजह से बहादुरगंज, बहादुरपुरा, मशीनरी मार्केट, अलीजई, खलीलशर्की, अंटा, कृष्णानगर, जेल रोड समेत कई मोहल्लों की बिजली आपूर्ति बंद रही।
बिजली जाने से लोग परेशान हो उठे। तेज धूप और उमस के चलते लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस बीच विकास भवन की लाइन के लिए पैनल भी लगाए गए, लेकिन विकास भवन के फीडर को शुरू नहीं कराया जा सका। करीब दो बजे बिजली आने पर लोगों ने राहत की सांस ली। इस अवधि में करीब आठ हजार उपभोक्ता परेशान रहे।
दूसरी ओर साढ़े बजे अब्दुल्लागंज उपकेंद्र के कच्चा कटरा फीडर की सप्लाई भी बंद हो गई। कार्य के चलते करीब एक घंटा बिजली बंद रही। इसके बाद 630 केवी एनएसई वाले ट्रांसफॉर्मर पर टेल यूनिट लगाने से एक घंटे तक आपूर्ति ठप करने से लोग परेशान रहे।