जलालाबाद। तहसील रोड पर लगे ट्रांसफार्मर में रविवार की रात तकनीकी खराबी आ गई। इससे नगर के कई मोहल्लों के करीब 2000 घरों की 11 घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रही। इससे भीषण गर्मी के साथ लोगों को पानी की किल्लत से भी जूझना पड़ा।
रात करीब 11 बजे ट्रांसफार्मर पहले ट्रिप हुआ और बाद में उसके फ्यूज उड़ गए। फ्यूज वायर बदलने के बाद भी ट्रांसफार्मर चालू नहीं हो सका। इससे नगर के मोहल्ला ब्रह्मनान, खेड़ा, वर्कजई और पुरानी सराय के तमाम घरों की बिजली गुल हो गई। रात भर बत्ती गुल रहने से लोग गर्मी में परेशान हो गए। सुबह सबमर्सिबल पंप न चलने से पानी का संकट भी खड़ा हो गया। इस कारण त्योहार पर लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
सोमवार को सुबह करीब दस बजे ट्रांसफार्मर ठीक होने पर बिजली आपूर्ति सुचारू हो सकी। इसके बाद ही लोगों को राहत मिली और उनकी दिनचर्या पटरी पर लौट सकी। कर्मचारियों के अनुसार, ट्रांसफार्मर पर रात में बिजली लोड अधिक होने और बारिश से हुए शार्ट सर्किट आदि कारणों से फ्यूज वायर जल गए थे।