खुटार। करीब दो माह से लो वोल्टेज की समस्या से त्रस्त उपभोक्ताओं ने सोमवार को बिजली उपकेंद्र पर पहुंचकर जेई का घेराव किया और जमकर नारेबाजी की।
खुटार कस्बे के तमाम बिजली उपभोक्ता सोमवार को बिजली उप केंद्र पर पहुंचे। मोहल्ला इंदिरानगर, रायटोला, देवस्थान के उपभोक्ताओं ने कहा कि दो माह से लो वोल्टेज की समस्या के कारण वे लोग परेशान हैं। भीषण गर्मी में पंखे और कूलर बेहद धीमी गति से चलते हैं और अन्य उपकरण भी ठीक से काम नहीं कर रहे हैं।
लो वोल्टेज की समस्या के कारण उपकरण खराब भी हो रहे हैं। शिकायत के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
कनेक्शनधारकों के शिकायत करने पर भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उनकी जेई जेपी भगत से जमकर नोकझोंक हुई। इस दौरान लोगों ने जेई का घेराव कर नारेबाजी शुरू कर दी। इस मौके पर सरताज, तरुण गुप्ता, राजू वर्मा, गुड्डी गुप्ता, शशि, बसंती गुप्ता, इश्तियाक सहित तमाम लोग मौजूद रहे। जेई जेपी भगत ने बताया कि समस्या का समाधान कराया जाएगा।
आज तीन घंटे बंद रहेगी बिजली आपूर्ति
शहर में पेड़ों के कटान को लेकर मंगलवार को सिटी और मिश्रीपुर फीडर बंद रहेगा। जिसकी वजह से बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। एक्सईएन ने बताया कि मंगलवार को शहर में सड़कों के चौड़ीकरण के लिए पेड़ों की कटाई व छंटाई का कार्य किया जाएगा। इस दौरान बिजली आपूर्ति को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। सुबह 10:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक सिटी और मिश्रीपुर फीडर बंद रहेगा। जिससे क्षेत्र में तीन घंटे तक बिजली आपूर्ति नहीं होगी।