तिलहर। तिलहर के विद्युत उपकेंद्र पर केबल बॉक्स फटने के बाद सोमवार की सुबह से बिजली आपूर्ति देर शाम तक ठप रही। अवर अभियंता ने बताया कि मशीन में खराबी आने के कारण सप्लाई बंद है। आपूर्ति कब सुचारू हो पाएगी, यह कहना मुश्किल है। बिजली न आने से इस भीषण गर्मी के मौसम में लोग त्राहि-त्राहि कर रहे हैं नगर की जलापूर्ति भी पूरी तरह से ध्वस्त हो गई है।
सोमवार सुबह पांच बजे अचानक बिजली आपूर्ति बंद हो गई। बताया गया कि विद्युत उपकेंद्र पर केबल बॉक्स फटने के कारण बिजली आपूर्ति बंद है। कर्मचारियों ने दोपहर बाद तक केबल बॉक्स ठीक किया और उसके बाद आपूर्ति शुरू करने का प्रयास किया लेकिन आपूर्ति सुचारू नहीं हो सकी। नगर व ग्रामीण क्षेत्र की बिजली आपूर्ति इसी उपकेंद्र से की जाती है। सोमवार देर शाम तक बिजली आपूर्ति न आने से जहां उमस में लोग परेशान हैं वही नगर की जलापूर्ति भी पूरी तरह ठप हो गई है। गौरतलब है कि उपकेंद्र पर जर्जर मशीनें लगी हुई है। बिजली सप्लाई होने के बाद लगातार जर्जर विद्युत तारों कारण फाल्ट होने से बिजली सप्लाई बाधित रहती है। उपभोक्ता कई बार विरोध प्रदर्शन भी कर चुके हैं लेकिन खराब जर्जर लाइन और मशीनों को आज तक नहीं बदला गया है।
उपकेंद्र पर केबल बॉक्स कई बार फट चुका है। अवर अभियंता नरेंद्र कुमार ने बताया कि मशीन में तकनीकी खराबी आने के कारण मशीन के अंदर का फाल्ट अब तक नहीं मिल पाया है।