खुटार। गांव गरौठा देवीदास में पांच दिन से बिजली आपूर्ति बाधित है। भीषण गर्मी में लोग परेशान हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना के बाद भी बिजली विभाग के कर्मचारी सप्लाई सुचारु करने गांव नहीं पहुंचे।
गांव के राजेश कुमार, ब्रजकिशोर, अजय कुमार अविनाश, सुरजीत, रामनरेश आदि ने बताया कि पांच दिन पूर्व ट्रांसफार्मर से फ्यूज जल जाने से बिजली सप्लाई ठप हो गई थी। जिस पर खुटार के बिजली उप केंद्र पर सूचना दी, लेकिन कोई कर्मचारी फ्यूज जोड़ने नहीं पहुंचा। इससे भीषण गर्मी में लोगों को बुरा हाल है। गांव के लोगों ने बताया कि मोबाइल चार्ज करने में भी परेशानी हो रही है। जिनके घरों में सौर ऊर्जा प्लेट लगी हुई हैं, लोग वहां जाकर मोबाइल चार्ज कर रहे हैं। ग्रामीणो का आरोप है कि कई बार कहने के बाद भी बिजली कर्मचारी गांव आने में आनाकानी कर रहे हैं। खुटार बिजली उप केंद्र के जेई जेपी भगत ने बताया कि जल्द ही गांव में बिजली सप्लाई सुचारु कराई जाएगी।