शाहजहांपुर। उमस भरी गर्मी में शहर में जहां हर आधे-एक घंटे में बिजली काटी जा रही है तो ग्रामीण क्षेत्र में छोटे फाॅल्ट को भी ठीक करने में घंटों लग रहे हैं। रीवैंप के तहत बंच लाइन डालने के लिए घंटों बिजली ठप रखी जा रही है।
सरकार की तरफ से शहर में विद्युत आपूर्ति निर्बाध रूप से देने के निर्देश हैं। स्थानीय स्तर पर बिजली आपूर्ति की व्यवस्था गड़बड़ा गई है। गर्मी में बंच लाइन डालने का काम होने का खामियाजा उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है।
रविवार को टाउनहाॅल में बंच लाइन डालने का काम हुआ। इसकी वजह से गोविंदगंज फीडर की विद्युत आपूर्ति प्रभावित रही। पूर्वाह्न 11 से शाम पांच बजे तक बार-बार बिजली कटौती होती रही। जलालनगर फीडर पर निगोही रोड पर आरसीएसएस योजना के तहत 11 केवी स्विचिंग उपकेंद्र निगोही रोड बंच लाइन डालने का काम चल रहा है। इस वजह से दिन में 11 से शाम पांच बजे तक सुजात खां की पुलिया की बिजली आपूर्ति बंद रही।
भीषण गर्मी में उपभोक्ता घरों से बाहर निकल पड़े। शहर के कई मोहल्लों में ट्रांसफाॅर्मर सही होने का काम चल रहा है। इससे कई मोहल्लों की बिजली प्रभावित रही। इसमें बिजलीपुर, लाल इमली चौराहा, चौक मंडी आदि मोहल्लों में बिजली कटौती होती रही।