बंडा के गांव रनमस्तपुर बुजुर्ग के 80 लोगों ने बिजली विभाग से साफ कह दिया कि बिजली दो बरना कनेक्शन कटवा देंगे। कनेक्शन कटवाने इन उपभोक्ताओं का आरोप है कि तमाम बार शिकायत किए जाने के बाद भी बिजली सुचारु नहीं की गई है।
गांव रनमस्तपुर के प्रेमचंद्र, रामसागर, रामपाल, हीरालाल, आशा देवी, शिवराम, सतेंद्र नाथ, जसवंत, कमलेश कांत, राकेश कुमार, सीता देवी, संतोष कुमार, सुरेंद्र कुमार, कामता प्रसाद, फूलमती, राधेश्याम, रूपेश कुमार, निसारजहां, सर्वजीत सहित 80 लोगों ने डीएम को भेजे पत्र में कहा है कि वे लोग अपने बिजली बिलों का समय से भुगतान करते आ रहे हैं, लेकिन बिजली सप्लाई सुचारुनहीं मिल रही है। इसका कारण यह है कि बिजली लाइन काफी लंबी होने के साथ जर्जर है। रास्ते में तमाम पेड़ भी लाइन में बाधा बन रहे हैं। इस कारण भविष्य में बिजली सप्लाई सुचारु रूप से मिल पाना संभव नहीं है। गांव के लोगों ने बताया कि लाइन बदलवाए जाने और ट्रांसफार्मर को सुरक्षित जगह में रखे जाने की मांग को लेकर वह लोग तमाम बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन सुनवाई नहीं की जा रही है। जल्द ही समस्या का निस्तारण नहीं किया गया तो वह लोग अपने कनेक्शन कटवा देने पर विवश होंगे।