शाहजहांपुर का राजकीय कन्या इंटर कॉलेज का नया भवन । संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। चौक क्षेत्र में नवनिर्मित जीजीआईसी के भवन को अभी तक हैंडओवर नहीं किया गया है। इसका कारण जीजीआईसी पर बिजली बिल का बकाया होना बताया जा रहा है। नया भवन हैंडओवर न होने की वजह से छात्राओं को जर्जर भवन में ही पढ़ाई करनी पढ़ रही है। डीआईओएस के मुताबिक जीजीआईसी पर 14 लाख रुपये बिजली का बिल बकाया है। इसकी वजह से कनेक्शन मिलने और भवन हैंडओवर होने में समस्या आ रही है।
शहर के खस्ताहाल राजकीय कन्या इंटर कॉलेज (जीजीआईसी) के नवनिर्माण के लिए शासन से 1146. 76 लाख रुपये का बजट स्वीकृत हुआ था। भवन निर्माण के लिए प्रथम किश्त के रूप में एक करोड़ रुपये की धनराशि अवमुक्त हुई। इसके बाद पीडब्ल्यूडी ने कॉलेज भवन के निर्माण का कार्य शुरू किया। भवन निर्माण की गुणवत्ता एवं मानक सुनिश्चित करने का दायित्व कार्यदायी संस्था और डीआईओएस को सौंपा गया था।
भवन निर्माण का कार्य नवंबर 2021 को पूरा हो चुका है। इसके बाद लगातार भवन में कक्षाएं लगने का इंतजार किया जा रहा है। जीजीआईसी पर साल 2016-17 से अब तक का लगभग 14 लाख रुपये का बिजली बिल बकाया होने की वजह से कॉलेज के नए भवन के लिए कनेक्शन नहीं मिल रहा। इसी वजह से कॉलेज के नवनिर्मित भवन को हैंडओवर भी नहीं किया जा रहा है। स्कूल में तकरीबन दो हजार छात्राएं पंजीकृत हैं, जिनकी कक्षाएं पुराने भवन में लग रहीं हैं।
डीआईओएस शौकीन सिंह ने बताया कि बिजली बिल के भुगतान और कॉलेज के नवनिर्मित भवन को हैंडओवर किए जाने को लेकर प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही नए भवन में कक्षाएं लगना शुरू होंगी।