शाहजहांपुर। अटसलिया स्थित पावर कॉरपोरेशन के 33 केवी उपकेंद्र के यार्ड में लगा केबिल बॉक्स ओवरलोडिंग के चलते बुधवार सुबह करीब नौ बजे तेज धमाके से फट गया। इस खराबी के चलते वहां के कई फीडरों से जुड़े शहरी इलाकों की शाम पांच बजे तक बत्ती 4700 घरों गुल रही।
अटसलिया उपकेंद्र से आसपास के गांवों और एफसीआई के गोदाम समेत शहर के हयातपुरा, अहमदपुर रेती, विजयपुर रेती, रेती की नई बस्ती, हथौड़ा, एनटीआई और दुर्गा एनक्लेव कॉलोनी को बिजली आपूर्ति की जाती है। सुबह 8.45 बजे तक पावर नेटवर्क सामान्य तौर से काम करता रहा, लेकिन बाद में धूप तीखी होने के साथ यार्ड की मशीनरी गर्म होने लगी। इसके साथ बिजली की मांग बढ़ने से हाईटेंशन लाइनों पर बिजली भार बढ़ा तो ओवरलोडिंग से लाइनें गर्म होकर स्पार्किंग करने लगीं। इसी बीच अचानक केबिल बॉक्स में आग लग गयी। ड्यूटी पर मौजूद सब स्टेशन ऑपरेटर ने इनकमिंग फीडर बंद करने के साथ इसकी सूचना प्रभारी अवर अभियंता दिनेश कुमार को दी।
प्रभारी जेई ने पुवायां रोड पर पैना स्थित 220 केवी पावर स्टेशन के एक्सईएन (ट्रांसमिशन) आरके उपाध्याय से संपर्क करके इनकमिंग लाईन बंद कराई गई। इसके बाद केबिल बॉक्स को बदले जाने का काम शुरू किया जा सका। इस वजह से शाम पांच बजे तक उपकेंद्र से जुड़े लगभग 4700 घरों और प्रतिष्ठानों की बत्ती गुल रही।