लखीमपुर खीरी के मोहम्मदी क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुरदीन में मंगलवार की सुबह जमीन पर टूटे पड़े हाईटेंशन की चपेट में दो बहनें आ गईं। जिसमें एक की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरी को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
गांव मोम्मदपुरदीन निवासी केशवराम ने अपनी बड़ी बेटी रविता की शादी एक साल पहले बंडा क्षेत्र के गांव बकैनियां निवासी कुंवरपाल से की थी। रविता इन दिनों अपनी मायके में आई हुई थी। सुबह करीब आठ बजे रविता खेत में कूड़ा डालने जा रही थी। उसने अपनी छोटी बहन 12 वर्षीय अंजली को भी साथ में ले लिया। गांव के बाहर निकलते ही हाईटेंशन लाइन का तार टूटा पड़ा था। अंजली तार को देख नहीं पाई और वह उसके पैर में छू गया। करंट लगते ही अंजली झुलसने लगी। रविता ने उसे बचाने का प्रयास किया तो वह भी करंट की चपेट में आ गई। करंट लगने से अंजली की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रविता गंभीर रूप से झुलस गई। डॉक्टरों के मुताबिक रविता की हालत नाजुक है।