प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए नामांकन कराने के लिए पुवायां तहसील की चारों ब्लाक मुख्यालयों पर शाम सात बजे तक लोगों की लाइन लगी हुई थी। इससे देर रात तक नामांकन का कार्य चलने का अनुमान है।
पुवायां में ब्लाक मुख्यालय पर शाम सात बजे तक नामांकन कार्य जारी था। मंगलवार को नामांकन के दूसरे और अंतिम दिन सदस्य पदों के नामांकन के लिए भारी भीड़ के चलते काउंटरों के सामने लंबी लाइन लगी रही। खुटार में भी शाम सात बजे तक प्रधान और सदस्य पद के लिए नामांकन कराने वालों की लाइन लगी रही। यहां प्रधान पद के 59 पदों के लिए 517 और सदस्य पद के 697 पदों के लिए 714 लोगों ने नामांकन कराया है।
बंडा में रात नौ बजे तक नामांकन कार्य होने का अनुमान है। यहां भी नामांकन दाखिल करने वालों की लाइन लगी हुई है। सिंधौली में सोमवार की तरह ही मंगलवार को भी नामांकन कराने वालों की भारी भीड़ रही। यहां भी रात में दस से 11 बजे तक नामांकन कार्य जारी रहने का अनुमान है।
प्रधान अपने समर्थक सदस्यों
का नामांकन कराने पहुंचे
पुवायां। प्रधान पद के अधिकांश प्रत्याशियों ने सोमवार को ही नामांकन करा लिए थे। इसके पीछे उनका मानना था कि मंगलवार को ज्यादा भीड़ के चलते नामांकन कराने में समस्या का सामना करना पड़ सकता है। प्रधान पद के लिए नामांकन कराने के चलते प्रत्याशी अपने समर्थक ग्राम पंचायत सदस्यों का नामांकन नहीं करा सके थे। मंगलवार को प्रधान पद के तमाम प्रत्याशी अपने समर्थक ग्राम पंचायत सदस्यों के नामांकन कराने ब्लाक मुख्यालयों पर पहुंचे और नामांकन कराया। कई ग्रामसभाओं में सदस्यों के नामांकन का सारा खर्च भी प्रधानों ने ही उठाया।