बंडा के गांव लालपुर आजादपुर में मंगलवार को पुनर्मतदान शांतिपूर्ण रहा। लोगों ने बूथ पर पहुंचकर मताधिकार का प्रयोग किया।
गौरतलब है कि नौ अक्तूबर को मतदान में धांधाली और एक प्रत्याशी के पक्ष में फर्जी वोटिंग कराए जाने का आरोप लगाते हुए बंडा द्वितीय से जिला पंचायत सदस्य पद के भाजपा समर्थित प्रत्याशी आशाराम ने जिलाधिकारी और चुनाव आयोग को शिकायत भेजी थी। डीएम शुभ्रा सक्सेना ने मामले को गंभीरता से लेते हुए चुनाव आयोग को रिपोर्ट भेजी थी। आयोग ने लालपुर आजदपुर बूथ पर पुर्नमतदान कराने के निर्देश दिए थे। डीएम ने 13 अक्तूबर को पुनर्मतदान कराने का आदेश जारी करते हुए लालपुर आजादपुर बूथ पर नौ अक्तूबर को तैनात रहे पीठासीन अधिकारी को निलंबित किए जाने के निर्देश दिए थे।
मंगलवार को कड़ी सुरक्षा के बीच पुनर्मतदान कराया गया। कुल 922 मतदाताओं में से 66.07 प्रतिशत ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के बाद मतपेटिका कड़ी सुरक्षा के बीच बंडा में बनाए गए स्ट्रंाग रूम में जमा करा दी गई हैं।