मीरा देवी का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
शाहजहांपुर। मदनापुर थाना क्षेत्र के ककरौआ गांव निवासी 50 वर्षीय मीरा देवी की बुधवार सुबह सांड़ के हमले में मौत हो गई। इससे उनके परिवार में कोहराम मच गया।
मदनपाल की पत्नी मीरा देवी पूर्वाह्न 11 बजे गांव के बाहर यूकेलिप्टस के पेड़ के पास अपनी गाय बांधने गईं थीं। इस बीच सांड़ ने हमला कर उन्हें घायल कर दिया। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास काम कर रहे लोग दौड़ पड़े। तुरंत ही उन्हें लेकर सीएचसी ले जाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।
परिजनों ने बताया कि उनका एक बेटा व एक बेटी है। मदनापुर थाना प्रभारी विश्वजीत प्रताप सिंह ने बताया कि अस्पताल से मिले मेमो के आधार पर महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया गया है।
हमलों में ये लोग गवां चुके हैं जान
- कांट थाना क्षेत्र के जमौर गौटिया गांव निवासी 21 वर्षीय अखिलेश की बाइक सांड़ से टकरा गई थी, हादसे में उसकी मौत हो गई थी।
- सेहरामऊ दक्षिणी के सरौरा-सरौरी गांव में सांड़ से टकराकर बाइक सवार हंसुआ जाजू गांव के छोटेलाल की मौत हो गई थी।
- पुवायां में सांड़ की टक्कर लगने से लखीमपुर खीरी के अनिल की मौत हो गई थी।
- अल्हागंज में सुगसुगी मोड़ पर छुटटा पशु की वजह से मनीराम की मौत हो गई थी।
- जलालाबाद में छुट्टा जानवर की वजह से समोद की मौत हो गई थी।