कांट। पौत्र के साथ स्कूटी से जा रहे बुजुर्ग को तमंचे से गोली मारकर घायल करने के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उनके मध्य रुपयों के लेन-देन का विवाद सामने आया है।
मूलत: हठीपुर कुर्रिया के वेदप्रकाश मिश्रा वर्तमान में मोहल्ला गढ़ी पूर्वी में रहते हैं। शुक्रवार की शाम वह अपने पौत्र सचिन मिश्रा के साथ स्कूटी से आ रहे थे। जिंदो वाली पुलिया के पास नहर पटरी पर अभायन गांव के विमलेश व उसके साथी ने हाथ देकर उन्हें रोक लिया। वेदप्रकाश ने थाने में तहरीर देकर बताया कि उन्हें आरोपी स्कूटी से उतारकर दूसरी ओर लेकर गए। विमलेश ने कहा कि 15 हजार रुपये उधार लेने के बारे में पिता को क्यों बता दिया।
इस पर वेदप्रकाश ने रुपये वापस नहीं करने पर नाराजगी जताई। इससे आवेश में आए आरोपियों ने गाली देते हुए कमर से तमंचा निकालकर गोली मार दी। गोली उनकी कोहनी के ऊपर लगी। इस बीच आरोपी दिलावरपुर की ओर भाग गए। इंस्पेक्टर अश्वनी सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर लिया। आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।