खुटार। खेत पर घास काटने गए एक वृद्ध की सांड़ के हमले में मौत हो गई। परिवार के लोगों को कई घंटे बाद घटना की जानकारी हो सकी। वृद्ध की मौत से घर में कोहराम मचा हुआ है।
गांव मोहनपुर निवासी 68 वर्षीय अंगनेलाल का खेत पड़ोस के गांव सुजानपुर में है। सोमवार दोपहर वह खेत पर घास काटने गए थे। शाम तक उनके घर नहीं आने पर पुत्र रामदास ने उनकी तलाश की तो उनका शव खेत में पड़ा मिला। उनके शरीर पर चोटों के निशान थे और खेत में खुरों के निशान बने हुए थे। अंगनेलाल का शव घर पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया। गांव के लोगों ने बताया कि गांव के आसपास तमाम आवारा पशु घूमते रहते हैं। कुछ सांड़ तो लोगों को दौड़ा लेते हैं। रामदास ने बताया है कि उनके चाचा जगन्नाथ के खेत में खड़ी तिल्ली में सांड़ घुस गया था।
पिता अंगनेलाल सांड़ को भगाने गए तो सांड़ ने उनके ऊपर हमला कर दिया। ज्यादा चोटें आने से उनके पिता की मौत हो गई। अंगनेलाल की मौत से पुत्र रामदास, लल्लूराम, तेजराम, पत्नी चंद्रकली, पुत्री विजरानी, गोदावरी का रो रोकर बुरा हाल है। रामदास ने बताया कि वह लोग पुलिस को तहरीर देकर शव का पोस्टमार्टम कराएंगे। एसओ जयशंकर सिंह ने बताया कि इस तरह की कोई तहरीर मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी।