शाहजहांपुर। चौक कोतवाली इलाके की कांशीराम काॅलोनी में आवंटित आवास की साफ-सफाई करने गए वृद्ध के साथ गाली-गलौज और मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि वृद्ध आवंटी को लोग धमकाते रहे और पुलिस मूकदर्शक बनी रही। घटना की तहरीर पुलिस को दे दी गई है।
मूलरूप से मोहल्ला अजीजगंज निवासी राजीव गुप्ता के नाम कांशीराम काॅलोनी में आवास संख्या 4/57 आवंटित है। वह बाढ़ की आशंका के मद्देनजर यहां से चले गए थे। बुधवार को वापस आए तो पड़ोस में रहने वालों ने कब्जा करने की नीयत से उन्हें ताला नहीं खोलने दिया।
उन्होंने काॅलोनी में रहने वाले अपने कुछ परिचितों को बुलाया तो आरोपी जान से मारने की धमकी देने लगा। सूचना पर अजीजगंज चौकी प्रभारी ललित शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर आ गए।
आरोप है कि पुलिस के सामने आरोपी वृद्ध को धमकाने लगे। पुलिस उल्टे आवंटी पक्ष का ही दोष बताने लगी। तब पीड़ित ने अधिकारियों से मामले की शिकायत करने के लिए कहा। इसके बाद पुलिस ने ताला खुलवा दिया। इंस्पेक्टर कोतवाली चौक अश्विनी कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी। संवाद