शाहजहांपुर। थाना मदनापुर क्षेत्र के नारायनपुर उर्फ नयागांव निवासी विमल सिंह ने एसपी को भेजे प्रार्थना पत्र में आरोपियों की गिरफ्तारी कराने की मांग की है। अधिकारियों ने जल्द की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।
उन्होंने पत्र में बताया है कि वह होली पर पिता चंद्रपाल सिंह के साथ आखत डालने के लिए गए थे। इस दौरान गांव के ही कुछ लोगों ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया और पिता चंद्रपाल सिंह को सभी मरणासन्न अवस्था में छोड़कर भाग गए। इसके बाद आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
करीब 37 दिन से पिता कोमा में हैं। घर में ही आईसीयू वार्ड तैयार कर दिया है। पिता के उपचार के लिए कई मशीनें खरीदीं और कई किराये पर लेकर नर्सिंग स्टाफ भी रखा है। आठ हजार रुपया प्रतिदिन खर्च आ रहा है, लेकिन पिता की हालत में कोई सुधार नहीं है।
चार आरोपी अब भी खुलेआम घूम रहे हैं। उनसे जानमाल का खतरा बना हुआ है। उन्होंने कहा कि 11 अप्रैल तक आरोपी गिरफ्तार नहीं किए जाते तो 12 अप्रैल को पिता व परिवार के साथ थाना परिसर मंदिर के पास भूख हड़ताल पर बैठ जाएंगे।