शाहजहांपुर में केंद्र पर नव साक्षर परीक्षा देतीं महिलाएं। स्रोत: विभाग
शाहजहांपुर। जिले के परिषदीय विद्यालयों में नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के परीक्षा केंद्रों पर 15 वर्ष से अधिक आयु के नवसाक्षर पुरुषों व महिलाओं ने साक्षरता परीक्षा में हिस्सा लिया। नौजवानों से लेकर बुजुर्ग तक परीक्षा में शामिल हुए। जिले में 360 केंद्रों पर परीक्षा हुई। इसमें 1566 पुरुष व 2562 महिलाएं शामिल हुई। जिला कारागार में भी बंदी परीक्षा में शामिल हुए।
उल्लास-नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में असाक्षर व्यस्कों को साक्षर बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 15 वर्ष से अधिक आयु के असाक्षर व्यक्तियों के लिए विभिन्न परिषदीय विद्यालयों में परीक्षा केंद्र बनाकर साक्षरता परीक्षा आयोजित की गई। केंद्रों पर बड़ी संख्या में नवसाक्षर पुरुषों और महिलाओं ने पहुंचकर पढ़ने-लिखने की अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया। परीक्षा को शांतिपूर्ण व व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए विद्यालयों के शिक्षक कक्ष निरीक्षक के रूप में तैनात रहे।
बीएसए दिव्या गुप्ता ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। बीईओ मुख्यालय सुरेंद्र मौर्या व अन्य बीईओ ने भी निगाह बनाए रहे। संवाद