सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जलालाबाद। संवाद
- फोटो : Samvad
जलालाबाद। सड़क हादसों को देखते हुए जलालाबाद सीएचसी को ट्रॉमा सेंटर के रूप में अपग्रेड कराने के प्रयास तेज हो गए हैं। विधायक हरि प्रकाश वर्मा ने शासन स्तर पर पैरवी शुरू कर दी है। सीएचसी ट्रॉमा सेंटर बनने से गंगा एक्सप्रेसवे पर होने वाले हादसों के घायलों को तत्काल उपचार मिल सकेगा।
शाहजहांपुर हाईवे पर नगरिया गांव के पास स्थित सीएचसी में बरेली-फर्रुखाबाद हाईवे, मुरादाबाद-फर्रुखाबाद स्टेट हाईवे पर होने वाले हादसों के घायलों को लाया जाता है। यहां बेहतर इंतजाम नहीं होने पर राजकीय मेडिकल कॉलेज शाहजहांपुर रेफर किया जाता है।
गंगा एक्सप्रेसवे शुरू होने के बाद हादसों की संख्या बढ़ी है। सीएचसी के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दिनेश यादव ने बताया कि वर्ष 2018-19 में ट्रॉमा सेंटर की मंजूरी मिली थी, लेकिन कार्य आगे नहीं बढ़ सका। अब परिसर में पर्याप्त जमीन उपलब्ध है।
विधायक ने बताया कि उन्होंने विधानसभा सत्र में मांग उठाई थी। स्वास्थ्य मंत्री व उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक से भी दो बार वार्ता हो चुकी है। उन्होंने ट्रॉमा सेंटर के लिए आश्वासन दिया गया है।