प्रांतीय जूनियर हाईस्कूल अनुदेशक संघ के आह्वान पर जिले में अनुदेशकों ने कलक्ट्रेट में धरना देने के बाद प्रदर्शन किया। उन्होंने मानदेय बढ़ाए जाने समेत समस्याओं का निस्तारण कराने के लिए मुख्यमंत्री और प्रमुख सचिव को संबोधित मांग पत्र सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा।
अनुदेशक संघ के प्रदेश अध्यक्ष विपिन अग्निहोत्री ने कहा कि राज्य सरकार अनुदेशकों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। कहा कि जब प्रदेश सरकार आईटीआई एवं मदरसा अनुदेशकों को रिजवी कमेटी में शामिल कर ग्रेड पे वेतन दे सकती है तो जूनियर स्कूलों के अनुदेशकों को इससे वंचित क्यों किया जा रहा है। जिलाध्यक्ष रवि वर्मा ने बीएसए और खंड शिक्षा अधिकारियों पर अनुदेशकों का शोषण करने का आरोप लगाया। बताया कि एमडीएम से लेकर छात्र संख्या बढ़ाने जैसी तमाम जिम्मेदारियां अनुदेशकों पर थोपे जाने का आरोप लगाया।
इस दौरान अमन अवस्थी, हर्षित शर्मा, मोहम्मद शोएब, सचिन प्रेमी, मनोज सुमन, ज्योति भारद्वाज ने विचार व्यक्त किए। वहीं धरना देने वालों में सुमित श्रीवास्तव, आकाश कोहली, संजीत, आशीष, सुशील भारती, संदीप, रीना, अनुप्रिया, रेनू आदि शामिल रहे।