शाहजहांपुर। सरकार ने कक्षा नौ से 12 तक की पढ़ाई शुरू करने की अनुमति कोरोना गाइडलाइन की कड़ी शर्तों के पहले ही दे दी थी। मगर अब तक कक्षाओं में 50 फीसदी बच्चे बुलाए जा रहे थे। मंगलवार से इन कक्षाओं में पूरी क्षमता के साथ पढ़ाई करने की अनुमति दे दी गई है। इससे माध्यमिक स्कूल-कालेजों में रौनक और बढ़ गई। हालांकि प्रयोगात्मक परीक्षाओं के चलते बच्चों की संख्या कम रही।
जेल रोड स्थित इस्लामियां इंटर कॉलेज में बच्चों की खासी संख्या रही। प्रधानाचार्य मोहम्मद आमीन ने बताया कि मंगलवार को इंटरमीडिएट भौतिक विज्ञान और रसायन विज्ञान की प्रयोगात्मक परीक्षा चल रही रही है। इसलिए ज्यादातर 12वीं के छात्र आए हैं। मंगलवार को कक्षा नौ के 401 मेें 48, कक्षा 10 के 438 मेें 57 और कक्षा 11 के 545 में 60 छात्र आए हैं। उन्होंने बताया कि एक-दो दिन मेें सभी कक्षाएं अधिकतम उपस्थिति के साथ शुरू हो जाएंगी।
आर्य महिला कालेज में छात्राओं की संख्या बढ़ी
आर्य महिला इंटर कालेज में छात्राएं पहले से आ रही थीं, लेकिन मंगलवार को उनकी संख्या बढ़ गई। प्रभारी प्रधानाचार्य डॉ. चंद्र रेखा मिश्रा ने बताया कि कक्षा नौ से 11 तक 222 छात्राएं पंजीकृत हैं, लेकिन मंगलवार को इन कक्षाओं मेें 95 छात्राएं आई हैं। कॉलेज में गेट के पास हाथ साफ करने को लगी स्वचालित मशीन के टैंक में सैनिटाइजर भरा दिखा, लेकिन मशीन खराब थी।
जनता इंटर कालेज मेें पहुंचे सिर्फ 54 छात्र
जनता इंटर कॉलेज में कक्षा नौ से 12 तक के 605 पंजीकृत छात्र विभिन्न सेक्शन में समायोजित किए गए है, लेकिन आए सिर्फ 54 छात्र। इनमें नवीं के छात्र ज्यादा होने पर उनकी कक्षाएं भी लगीं। प्रधानाचार्य रामपाल सिंह ने बताया कि इन दिनों इंटरमीडिएट प्रयोगात्मक परीक्षाएं शुरू हो जाने के कारण छात्रों की संख्या कम है। प्रधानाचार्य के अनुसार कॉलेज आने वाले छात्र-छात्राओं के लिए सैनिटाइजर की व्यवस्था कर ली गई है।
एसपी कॉलेज में उपस्थित हुए 25 फीसदी छात्र
सरदार पटेल हिंदू इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य महेश चंद्र भास्कर ने बताया कि कक्षा नौ में 211, दस में 248, 11 में 453 और कक्षा 12 में 421 छात्र पंजीकृत हैं, लेकिन पहले दिन लगभग 300 छात्र आए हैं। उन्होंने बताया कि मंगलवार को इंटरमीडिएट जीव विज्ञान और आंतरिक रसायन विज्ञान और बुधवार को भूगोल समेत कई विषयों की प्रयोगात्मक परीक्षाएं चल रही हैं।