शाहजहांपुर। माध्यमिक शिक्षा विभाग के राजकीय हाईस्कूलों व इंटर कॉलेजों में ईको क्लब के जरिये माहौल हरा भरा बनाया जाएगा। इसके लिए विभाग ने प्रत्येक स्कूल के लिए 25 हजार रुपये की धनराशि जारी कर दी है। स्कूलों में पर्यावरण जागरूकता व स्वच्छता वाले कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
जनपद में 53 राजकीय इंटर कॉलेज व हाईस्कूल का संचालन होता है। इनमें पूर्व में ईको क्लब का गठन किया गया था। क्लबाें को गति देने के लिए विभाग ने हर स्कूल को 25 हजार रुपये की धनराशि को जारी कर दिया है। इसमें विभिन्न गतिविधियां होंगी।
क्लब के तहत प्रत्येक विद्यालय का माहौल हरा-भरा बनाया जाएगा। पौधे लगाने के साथ गमलों से सजावट कर रंग-रोगन किया जाएगा। राज्य परियोजना निदेशक ने प्रत्येक महीने गतिविधि कराने के निर्देश दिए हैं। इसमें कूड़ा प्रबंधन, ऊर्जा बचाने, स्वच्छता पर कार्यक्रम होंगे। इसके अतिरिक्त पोस्टर, क्विज व पेटिंग प्रतियोगिता भी कराई जाएगी। डीआईओएस ने संबंधित प्रधानाचार्यों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
राज्य परियोजना के निर्देश के अनुसार ही कार्य कराया जाएगा। स्कूलों में गतिवधियां कराकर जागरूक करेंगे। इसके लिए संबंधित प्रधानाचार्य को पत्र जारी कर निर्देश दिए गए हैं।
- हरिवंश कुमार, डीआईओएस