क्षेत्र के मोहल्ला बहदुल्लागंज में बुधवार को 28 वर्षीय राहुल सिंह की ससुराल में जहरीला पदार्थ खाने से हालत बिगड़ गई। उन्हें सीएचसी लायागया। यहां से जिला अस्पताल रेफर दिया गया। हालत गंभीर होने पर बरेली ले जाते समय राहुल की रास्ते में मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जहर के लक्षण पाए जाने पर विसरा सुरक्षित रख लिया गया है। पिता ने ससुराल वालों पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
थाना जैतीपुर क्षेत्र के गांव पलिया पट्टी निवासी राहुल सिंह की शादी करीब दस साल पहले मोहल्ला बहदुल्लागंज निवासी संजू सिंह से हुई थी। बुधवार को राहुल अपनी ससुराल आए थे, जबकि पत्नी संजू उनके घर पर ही थी। संजू के भाई ने बताया कि राहुल दिन में करीब दस बजे उनके घर पर आए। वह गंदे कपड़े पहने हुए थे। आते ही बिस्तर पर गिर गए। हालत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां से शाहजहांपुर ले गए।
इसी बीच खबर मिलने पर संजू भी ससुराल वालों के साथ शाहजहांपुर पहुंच गई। हालत गंभीर होने पर बरेली ले जाते समय राहुल ने दम तोड़ दिया। मृतक की पत्नी संजू ने बताया कि बुधवार की सुबह खेत पर काम करने को लेकर पिता चक्रवर्ती सिंह से राहुल की कहासुनी हो गई। इसके बाद राहुल कहीं गायब हो गए।
तिलहर से खबर मिलने पर वह लोग वहां पहुंच गए। उधर, राहुल के पिता का आरोप है कि ससुराल वालों ने उनके बेटे का जहर देकर मार दिया है। थाना तिहलर में दोनों पक्षों की तरफ से तहरीर दे दी गई। पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।