हरदोई की संस्था सत्याग्रही सेवा समिति ने नगर में रोटी बैंक की स्थापना की है। इस बैंक के माध्यम से प्रत्येक रविवार को प्रत्येक घर से दो-दो रोटियां एकत्र की जाएंगी, जिन्हें सब्जी आदि के साथ उसी दिन शाम को जरूरतमंदों में बांट दिया जाएगा।
अनूप एकेडमी खिरनीबाग में संस्था के प्रदेश को-आर्डिनेटर विक्रम पांडेय और जिला को-आर्डिनेटर इरफान हसन खान ने मीडिया को बताया कि रोटी बैंक स्थापना का मुख्य मकसद जरूरतमंदों को दोे जून की रोटी मुहैया कराना है। इसलिए पहले चरण में रविवार का दिन तय किया गया है। प्रत्येक रविवार को अपरान्ह एक से चार बजे तक टीम के सदस्य बिना किसी भेदभाव घरों से दो-दो रोटी एकत्र करेंगे। जिनका वितरण जिला अस्पताल, रोडवेज, रेलवे स्टेशन, प्रमुख चौराहों, मंदिरों के आसपास भूखे लोगों में किया जाएगा। सब्जी-अचार की व्यवस्था संस्था अपने स्रोतों से करेगी।
उन्होंनेे बताया कि शाहजहांपुर आठवां जिला है, जहां संस्था ने रोटी बैंक स्थापित किया है। इसके विस्तार के लिए क्षेत्रों के लोगों को भी जोड़ा जाएगा, ताकि मोहल्लों से अधिक से अधिक रोटियां जुटाई जा सकें। नौ अप्रैल को शाम छह बजे खिरनीबाग अनूप एकेडमी में ही कार्यक्रम का शुभारंभ किया जाएगा। अब तक एक सौ युवा उनके साथ जुड़ चुके हैं। इस अवसर पर क्रिएटिव आर्ट ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर नरेंद्र सक्सेना, फुरकान अहमद कुरैशी, एहसान, दिलशाद, मो. शाहजेब, अजीम रजा आदि मौजूद रहे।