भावलखेड़ा। आरसी मिशन इलाके में कक्षा नौ की छात्रा के साथ दुष्कर्म किए जाने के आरोपी ई-रिक्शा चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का चालान कर कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
आरसी मिशन थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया था कि उसकी पुत्री शहर के एक इंटर काॅलेज में कक्षा नौ की छात्रा है। मोहल्ला ताहवरगंज निवासी ई-रिक्शा चालक आसिफ उसे पिछले एक वर्ष से स्कूल ले जाता था। 15 जुलाई को छात्रा स्कूल जा रही थी। तभी आसिफ उसे रास्ते में मिल गया और स्कूल छोड़ने की बात कहकर ई-रिक्शा पर बैठा लिया।
आसिफ ने रिक्शा पर बैठी अन्य सवारियों को खोया मंडी में उतार दिया। इसके बाद छात्रा को वापस बाडीगांव के जंगल में ले आया। शादी करने का झांसा देते हुए संबंध बनाने के लिए कहने लगा। पीड़िता के मना करने पर आरोपी ने मारपीट की और दुष्कर्म किया। इंस्पेक्टर धर्मेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि इस मामले में छात्रा की मां की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। आरोपी आसिफ को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया।