भावलखेड़ा (शाहजहांपुर)। मुरादाबाद के एमएलसी जयपाल सिंह व्यस्त की कार से शुक्रवार को हरदोई बाइपास चौराहे पर एक ई-रिक्शा पीछे से टकरा गया। टक्कर लगने से कार की बैकलाइट टूट गई। सूचना पर पहुंची थाना रामचंद्र मिशन पुलिस ने ई-रिक्शा सीज करके उसके चालक को हिरासत में ले लिया। हादसे के वक्त एमएलसी लखनऊ से मुरादाबाद लौट रहे थे।
एमएलसी ने पुलिस अधीक्षक को फोन कर पूरा घटनाक्रम बताया। एसपी के निर्देश पर थाना रामचंद्र मिशन के एसएसआई कैलाश चंद्र पुलिस बल के साथ मौके पर जा पहुंचे। उन्होंने ई-रिक्शा सीज कर चालक को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया। प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि मामले में अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है। यदि तहरीर आती है तो रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद