शाहजहांपुर। बरेली मोड़ से महिला थाने तक ई-बसों का संचालन सोमवार से शुरू होगा। ई-बसों को जाम में फंसने से बचाने के लिए नगर निगम ने प्रचार वाहन दौड़ाकर अतिक्रमण न करने की अपील दुकानदारों से की है।
डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर बरेली मोड़ से गर्रा फाटक, चारखंभा, केरुगंज, अंटा चौराहा, कचहरी, रोडवेज बस अड्डा होकर महिला थाना तक छह ई-बसों का संचालन किया जाएगा, लेकिन इस रूट पर दुकानदारों ने सड़क तक दुकानों का सामान रखकर अतिक्रमण करके रखा हुआ है। इसके साथ ही ई-रिक्शों का संचालन होने से दिनभर जाम की समस्या बनी रहती है, जिससे ई-बसों का सुचारू रूप से संचालन होने में समस्या उत्पन्न आती है, जिसको ध्यान में रखकर रविवार को नगर आयुक्त डॉ. बिपिन कुमार मिश्र के निर्देश पर प्रचार वाहन के माध्यम से दुकानदारों से सड़क पर अतिक्रमण न करने की अपील की गई। नगर आयुक्त ने बताया कि निर्धारित रूट पर ई-बसों का संचालन होने से शहरवासियों को इसका लाभ मिल सकेगा।